धनंजय मुंडे पर अंजलि दमानिया का बड़ा आरोप: 245 करोड़ के घोटाले का दावा
सोशल एक्टिविस्ट अंजलि दमानिया ने कैबिनेट मंत्री धनंजय मुंडे के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने दावा किया कि महायुति सरकार में कृषि मंत्री रहते हुए मुंडे ने करीब 245 करोड़ रुपए का घोटाला किया।
दमानिया ने आरोप लगाया कि किसानों को डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के तहत सीधा पैसा देने की बजाय उन्हें उपकरण और खाद महंगे दामों पर खरीदकर दिए गए। जबकि 2016 में ही केंद्र सरकार ने DBT के जरिए किसानों को लाभ देने का निर्देश दिया था। उन्होंने कहा कि उनके पास सभी आरोपों के पुख्ता सबूत हैं।
अंजलि दमानिया ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और डिप्टी सीएम अजीत पवार से मांग की है कि धनंजय मुंडे को तुरंत कैबिनेट से बर्खास्त किया जाए। वर्तमान में मुंडे खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री हैं।
इसके पहले भी दमानिया ने बीड के मस्साजोग गांव के सरपंच संतोष देशमुख की हत्या को लेकर मुंडे के इस्तीफे की मांग की थी। उन्होंने दावा किया कि तत्कालीन कृषि मंत्री मुंडे ने अजीत पवार से किसानों को उपकरण देने के लिए टेंडर जारी करने की अनुमति मांगी थी, जिसे स्वीकृति मिल गई थी। तत्कालीन मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने DBT सूची से कुछ वस्तुएं हटाने की मंजूरी दी, जबकि नियमों के अनुसार उन्हें ऐसा करने का अधिकार नहीं था।
दमानिया के इन आरोपों ने महाराष्ट्र की राजनीति में भूचाल ला दिया है। अब देखना यह होगा कि सरकार इस मामले पर क्या रुख अपनाती है।
