फाइटर : महामहिम की राफेल में भी उड़ान
अंबाला एयर फोर्स स्टेशन पर दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर
अंबाला राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को हरियाणा के अंबाला में स्थित वायु सेना स्टेशन से राफेल लड़ाकू विमान में उड़ान भरी. एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने भी इसी एयरबेस से एक अलग विमान में उड़ान भरी. राफेल विमान में चढ़ने से पहले राष्ट्रपति ने ‘जी-सूट’ पहना था. मुर्मू ने पायलट के साथ तस्वीरें भी खिंचवाई.
राफेल में उड़ान भरने से पहले अंबाला एयर फोर्स स्टेशन पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने स्वागत किया. एयर फोर्स के जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया. भारतीय वायु सेना के फाइटर जेट में राष्ट्रपति की उड़ान का यह अनुभव एयर फोर्स की आधुनिकता, क्षमता और आत्मनिर्भर भारत के रक्षा प्रयासों का प्रतीक माना जा रहा है.
पूर्वाह्न 11.27 बजे विमान के उड़ान भरने से पहले राष्ट्रपति ने विमान के अंदर से हाथ हिलाकर अभिवादन किया. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर हैं, इस नाते वह तीनों सेनाओं की कमांडर भी हैं. इससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सुखोई-3 एमकेआई लड़ाकू विमान में भी उड़ान भर चुकी हैं. यह उड़ान उन्होंने 8 अप्रैल 2023 को असम के तेजपुर वायु सेना स्टेशन से भरी थी. उस उड़ान के बाद राष्ट्रपति ने अपना अनुभव भी साझा किया था. उन्होंने कहा था कि वायु सेना के पायलटों की दक्षता और अनुशासन की जितनी सराहना की जाए उतनी ही कम है.
शिवांगी ने खोल दी पाक की पोल
भारत ने जिस दौरान पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों को तबाह करने के लिए ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दिया था, उसी वक्त पाकिस्तान की तरफ से एक दावा हुआ था कि उसने भारत की महिला पायलट को पकड़ लिया है. पाकिस्तान की तरफ से तब इस पायलट का नाम शिवांगी सिंह बताया गया था. हालांकि, भारत ने एक तस्वीर से पाकिस्तान के हर तरह के दावे को पूरी तरह झुठला दिया है. बुधवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राफेल उड़ाने से पहले हरियाणा के अंबाला एयर फोर्स बेस पर उन्हीं शिवांगी सिंह के साथ तस्वीरें खिंचवाई और पाकिस्तान के दावों को धराशायी कर दिया.



