यूपी में मौसम का उतार चढ़ाव बना हुआ है। सोमवार की सुबह अचानक से लखनऊ, गोरखपुर, अयोध्या, अम्बेडकरनगर, देवरिया और आसपास के जिलों के अलग-अलग इलाकों में बारिश शुरू हो गई। कहीं-कहीं ओले भी गिरे। हालांकि कुछ मिनटों में ही यह बंद भी हो गई। कुछ देर बाद धूप भी निकल आई। रविवार को भी पूर्वी यूपी में पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखा था। आसमान में हल्के बादल छाए रहे और पछुआ चली। हवा की नमी में करीब 6 से 8 फीसदी का इजाफा हो गया। हालांकि दोपहर बाद बादल आसमान से गायब हो गए। सूरज की किरणें एक बार फिर अपने रौ में आ गई। मौसम में बदलाव का असर दिन के तापमान पर दिखा। बीते 24 घंटे में दिन के तापमान में करीब एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 2 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 डिग्री से 4 डिग्री तक की क्रमिक गिरावट के बाद इतनी ही क्रमिक वृद्धि की संभावना है। वहीं 21 और 22 मार्च को पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।