प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में गुजरात में वनतारा वन्यजीव बचाव, पुनर्वास और संरक्षण केंद्र का उद्घाटन किया और इसका दौरा किया। यह केंद्र 2,000 से अधिक प्रजातियों का घर है और यहां 1.5 लाख से अधिक बचाए गए, लुप्तप्राय और संकटग्रस्त जानवरों को सुरक्षित वातावरण में रखा गया है।
पीएम मोदी की वन्यजीवों से मुलाकात
अपने दौरे के दौरान, प्रधानमंत्री मोदी ने एशियाई शेर शावकों, सफेद शेर शावक, क्लाउडेड तेंदुए शावक और कैराकल शावकों के साथ समय बिताया और उन्हें खाना भी खिलाया। क्लाउडेड तेंदुआ एक दुर्लभ और लुप्तप्राय प्रजाति है, जिसे बचाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
अत्याधुनिक वन्यजीव अस्पताल का दौरा
पीएम मोदी ने वनतारा में स्थापित उन्नत वन्यजीव अस्पताल का निरीक्षण भी किया, जो एमआरआई, सीटी स्कैन, आईसीयू जैसी आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस है। यह अस्पताल वन्यजीव एनेस्थीसिया, कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, एंडोस्कोपी, दंत चिकित्सा और आंतरिक चिकित्सा जैसी विशेषज्ञ सेवाएं प्रदान करता है।
वन्यजीव संरक्षण में वनतारा की भूमिका
वनतारा न केवल वन्यजीवों के पुनर्वास और चिकित्सा देखभाल में अग्रणी है, बल्कि यह दुर्व्यवहार और शोषण से बचाए गए जानवरों को भी नया जीवन देने का कार्य करता है। पीएम मोदी की यह यात्रा वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण सरंक्षण की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

यह केंद्र भारत में वन्यजीव संरक्षण के लिए एक बड़ा कदम माना जा रहा है, जो न केवल लुप्तप्राय प्रजातियों की सुरक्षा में मदद करेगा बल्कि पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।