चंडीगढ : हरियाणा में 9 नगर निगम और 40 नगर निकायों के चुनाव के लिए मतदान शाम छह बजे तक संपन्न हो गया. मतदान के दौरान हिसार के अर्बन एस्टेट बूथ पर भाजपा के दो बूथ अध्यक्ष जबरन वोटर लिस्ट लेकर मतदान केंद्र में घुस गए. पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो उन्होंने बहसबाजी शुरू कर दी. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पार्टी के एजेंट या उम्मीदवार को ही बूथ में रहने की अनुमति है. वहीं गुरुग्राम के वार्ड 30 और 32 में कई मतदाताओं को वोटर लिस्ट में अपना नाम नहीं मिला. शिव बडोनी नामक मतदाता ने कहा कि उन्होंने विधानसभा चुनाव में वोट डाला था, लेकिन अब उनका नाम लिस्ट से हटा दिया गया. इससे गुस्साए लोगों ने मतदान केंद्र के बाहर विरोध प्रदर्शन किया.


