‘शीशमहल’ विवाद: केजरीवाल की बढ़ी मुश्किलें, CVC ने विस्तृत जांच के दिए आदेश
दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। केंद्रीय सतर्कता आयोग (CVC) ने उनके आवास 6 फ्लैग स्टाफ बंगले के महंगे नवीनीकरण को लेकर विस्तृत जांच के आदेश जारी किए हैं।
इस मामले में नवंबर 2024 से ही प्रारंभिक जांच चल रही थी, लेकिन अब शुरुआती रिपोर्ट के आधार पर गहराई से जांच करने का निर्णय लिया गया है। पिछले साल 14 अक्टूबर को भाजपा नेता विजेंद्र गुप्ता ने CVC में शिकायत दर्ज करवाई थी, जिसमें भवन निर्माण मानकों के उल्लंघन और अत्यधिक खर्च के आरोप लगाए गए थे।
भाजपा ने इस मुद्दे को ‘शीशमहल’ विवाद का नाम दिया है और आरोप लगाया है कि 40,000 वर्ग गज (8 एकड़) में फैले इस बंगले के नवीनीकरण में भारी अनियमितताएं हुई हैं। CVC ने इस मामले में केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (CPWD) को आरोपों की विस्तृत जांच करने का निर्देश दिया है।
यह जांच केजरीवाल के लिए कानूनी संकट खड़ा कर सकती है। भाजपा लगातार AAP सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा रही है, जबकि आप का कहना है कि यह राजनीतिक बदले की कार्रवाई है। आगामी चुनावों के मद्देनजर यह मुद्दा राजनीतिक रूप से अहम बन सकता है।