गोंदिया : जिले के सेवानिवृत्त शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी व अधिकारियों की अनेक समस्याएं जिला परिषद स्तर पर प्रलंबित है. समस्याओं को मनवाने के लिए जिला परिषद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, मुख्य लेखा व वित्त अधिकारी, स्वास्थ्य अधिकारी, शिक्षाधिकारी व अन्य विभागों को पत्र भी दिया गया, लेकिन मांगों की ओर अनदेखी की जा रही है. जिसकी वजह से महाराष्ट्र राज्य सेवानिवृत्त संगठन के बैनर तले सेवानिवृत्त अधिकारी व कर्मचारियों द्वारा गोंदिया जिला परिषद के सामने 2 जनवरी से बेमियादी अनशन किया जाएगा. इसे लेकर गोंदिया तहसील सेवानिवृत्त संगठन की सभा आयोजित की गई. इसके माध्यम से अनशन में सभी सेवानिवृत्त अधिकारी व कर्मचारियों से शामिल होने का आव्हान किया गया है. सभा के दौरान जिलाध्यक्ष एल.यू. खोब्रागड़े ने बताया कि सेवानिवृत्त शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी व अधिकारियों की समस्या पिछले अनेक वर्षों से प्रलंबित होने के बावजूद प्रशासन द्वारा गंभीरता से ध्यान नहीं दिया जा रहा है. प्रशासन का ध्यानाकर्षण करने के लिए बेमियादी अनशन का रास्ता अपनाया जा रहा है. सभा में बेमियादी अनशन पर चर्चा कर नियोजन किया गया. इस सभा में तहसील अध्यक्ष डीएम दखने, सचिव नरेंद्र कारंजेकर, मुन्नालाल पटले, डीएल गुप्ता, सुरेश आष्टीकर, ओके बंसोड़, पुष्पा बोरकर, विजयलता पोहरकर, जीबी बोपचे, डब्ल्यूडी माहुरे, एनएस धवरे, डब्ल्यूके लांजेवार, बीडी कुरंजेकर, एम.टी. रहांगडाले, केएस होरे, नागभिरे आदि उपस्थित थे.


