इंफाल : मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने राज्य में बीते वर्ष हुई घटनाओं पर गहरा अफसोस जताते हुए लोगों से माफी मांगी है. उन्होंने कहा कि यह पूरा साल बहुत दुर्भाग्यपूर्ण रहा है. मुझे बहुत खेद है और मैं राज्य के लोगों से कहना चाहता हूं कि जो कुछ भी 3 मई से अब तक हुआ, उसके लिए मैं माफी मांगता हूं. इन घटनाओं में कई लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया और कई लोगों को अपना घर छोड़ना पड़ा. मुझे इसका बहुत पछतावा है. हालांकि उन्होंने यह भी बताया कि पिछले 3-4 महीनों में राज्य में शांति बहाल करने की दिशा में सकारात्मक प्रगति हुई है. उन्होंने उम्मीद जताई कि नये साल 2025 के साथ मणिपुर में पूरी तरह से शांति और सामान्य स्थिति बहाल हो जाएगी. मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी समुदायों से अपील करते हुए कहा, ‘जो हुआ, वह हो गया. हमें अब बीती गलतियों को भुलाकर एक नई शुरुआत करनी होगी. एक शांतिपूर्ण, समृद्ध मणिपुर, हम सभी को मिलकर यहां एक साथ रहना चाहिए.


