दिल्ली : मीडिया और सोशल मीडिया पर आर्थिक उदारीकरण के भीष्म पितामह और भूतपूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि देने का तांता लगा हुआ है. सोशल मीडिया पोस्ट और निजी तौर पर व्यक्त किए जा रहे उद्दार बता रहे हैं कि अक्सर उनकी शांत वृत्ति और गंभीरता पर निशाना साधा जाता रहा. हालांकि अब जब मोहन ‘मौन’ हो गए हैं, तो उनके नाम और काम का ‘डंका’ देश-दुनिया पीट रही है. उन्हें सत्ता पक्ष भी भाव भीनी विदाई देने की तैयारी के साथ उनके कामों और जज्बे को सलाम ठोंक याद कर रहा है. खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके अंतिम दर्शन करने शुक्रवार को उनके निवास स्थान पहुंचे, जहां श्रद्धांजलि देने आने वालों की कतार लगी रही. पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का शनिवार को राजकीय सम्मान के साथ दिल्ली के निगमबोध घाट पर अंतिम संस्कार किया जाएगा. इससे पहले उनका पार्थिव शरीर सुबह 8.30 बजे से लेकर 9.30 बजे तक कांग्रेस मुख्यालय में लोगों के दर्शन के लिए रखा जाएगा. जहां कांग्रेस के नेता और आम कार्यकर्ता उनको अपनी अंतिम श्रद्धांजलि दे पाएंगे, इसके उपरांत वहां से उनका पार्थिव शरीर अंतिम यात्रा के लिए 9.30 बजे ले जाया जाएगा कांग्रेस ने भी शुक्रवार को दिल्ली स्थित मुख्यालय में अपनी कार्यसमिति की बैठक बुलाई, जहां पर पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि दी गई. इसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस चेयरपर्सन सोनिया गांधी, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी सहित कई अन्य नेता शामिल हुए. इससे पहले राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे शुक्रवार को मनमोहन सिंह के निवास गए, जहां पर उनका पार्थिव शरीर दर्शन के लिए रखा गया था, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी भी वहां पहुंचीं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नडडा भी डॉ. मनमोहन सिंह के निवास पहुंचे और श्रद्धांजलि अर्पित की.